अन्य जिलेछत्तीसगढ़

वेदांत प्लांट हादसा : मौत का आंकड़ा 16 पहुंचा, 34 घायल

सक्ति जिले स्थित वेदांत प्लांट में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, अभी भी कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि 34 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों के शव अलग-अलग स्थानों पर रखे गए हैं। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में 5 शव, जिला अस्पताल में 5 शव, वेदांत प्लांट परिसर के भीतर 4 शव, जबकि रायपुर के कालड़ा हॉस्पिटल में 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं 18 घायलों का इलाज रायगढ़ जिले के विभिन्न अस्पतालों में जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद सबसे मार्मिक तस्वीर परिजनों की सामने आई है, जो अपने प्रियजनों की तलाश में अस्पतालों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

शव ढूंढने भटकते रहे परिजन

झारखंड के खूंटी जिले से आए दीपक कुमार की कहानी इस दर्दनाक स्थिति को बयां करती है। सूचना मिलने के बाद दीपक अपने साले की तलाश में रायगढ़ पहुंचे और एक के बाद एक अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। उन्होंने सबसे पहले फोर्टिस अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई, जहां उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने रायगढ़ के अन्य अस्पतालों में भी खोजबीन की। रात 3 बजे से शुरू हुई तलाश सुबह करीब 7:30 बजे खत्म हुई। जब जिला अस्पताल में उन्हें अपने साले का पार्थिव शरीर मिला।

परिजनों में पसरा मातम

इस खबर के बाद उनके परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद एक अन्य परिजन विमल ने प्रबंधन पर सवाल उठाए और कहा की सुरक्षा की कमी की वजह से ज्यादा मौतें हुई है और हादसे के बाद जो व्यवस्था होनी थी नहीं हुई। घटना के बाद अब अन्य राज्यों से भी मजदूरों के परिजन रायगढ़ पहुंचने लगे हैं। सभी अपने घायल या मृत परिजनों की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।

Source link

Related posts

साय सरकार का फैसला : जमीन रजिस्ट्री में ऋण पुस्तक की अनिवार्यता खत्म

भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर: नौतपा में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश के आसार

Army CEE Result 2026: रायपुर ARO के तहत छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों का परिणाम घोषित

Leave a Comment

error: Content is protected !!