1 मई से कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ सकता है। इन बदलावों में ATM से पैसे निकालने की फीस से लेकर रेलवे के नियमों तक कई अहम बदलाव शामिल हैं। जानिए इन बदलावों के बारे में और ये आपको कैसे प्रभावित कर सकते हैं।
1. ATM से पैसे निकालने पर लगने वाला शुल्क
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने घोषणा की है कि अब ATM से पैसे निकालने पर आपको ज्यादा शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क ₹21 था, जिसे अब बढ़ाकर ₹23 कर दिया गया है। यह बदलाव 1 मई से लागू होगा। हालांकि, अगर आप एक महीने में तीन बार तक पैसे निकालते हैं, तो आपको शुल्क नहीं देना होगा, लेकिन तीन बार से ज्यादा पैसे निकालने पर यह शुल्क काटा जाएगा।
2. LPG गैस की कीमतों में बदलाव
हर महीने की तरह मई में भी LPG गैस की कीमतों में बदलाव होने की संभावना है। हालांकि, अप्रैल में ही सरकार ने घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ₹50 तक की बढ़ोतरी की थी। इस बदलाव से आम नागरिकों का रसोई का बजट बढ़ सकता है और इससे गैस सिलेंडर की कीमत में भी इज़ाफा हो सकता है।
3. FD और बचत खाते पर ब्याज दरों में बदलाव
RBI द्वारा दो बार रेपो रेट कम किए जाने के बाद बैंकों की FD (फिक्स्ड डिपॉज़िट) और बचत खाते पर ब्याज दरों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। कई सरकारी और निजी बैंकों ने अपनी ब्याज दरों में बदलाव किया है, जिससे निवेशकों को फ़ायदा या नुकसान हो सकता है। आने वाले समय में और बैंक भी ब्याज दरों में बदलाव कर सकते हैं।
4. ग्रामीण बैंकों में बड़ा बदलाव
आज से ग्रामीण बैंकों की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारत सरकार द्वारा राज्य स्तरीय योजना के तहत सभी ग्रामीण बैंकों को एक साथ मिलाकर एक बड़ा बैंक बनाने की योजना है। इस बदलाव का असर सबसे पहले 11 राज्यों में देखने को मिलेगा, जिसमें पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान जैसे प्रमुख राज्य शामिल हैं।
5. रेलवे में टिकट बुकिंग के नए नियम
रेल यात्रियों के लिए 1 मई से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब से अगर आपके पास वेटिंग टिकट है तो आप स्लीपर और एसी कोच में यात्रा नहीं कर पाएंगे। यह नियम सिर्फ जनरल कोच पर ही लागू होगा, यानी अब वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को सिर्फ जनरल कोच में ही यात्रा करने की अनुमति होगी।
