भूकंप से प्रभावित म्यांमार की मदद के लिए भारत ने हाथ बढ़ाया है। शुक्रवार को आए भूकंप ने म्यांमार और थाईलैंड में भारी तबाही मचाई। इस तबाही में जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। भारत ने शनिवार को म्यांमार को 15 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी है। वहां आए कई शक्तिशाली भूकंपों में 144 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा, “ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू हो गया है। भारत से मानवीय सहायता की पहली खेप म्यांमार के यांगून एयरपोर्ट पर पहुंच गई है।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर यह जानकारी साझा की है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ऑपरेशन ब्रह्मा – भारत कल आए भीषण भूकंप से प्रभावित म्यांमार के लोगों की सहायता के लिए पहले प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में काम कर रहा है। टेंट, कंबल, स्लीपिंग बैग, खाने के पैकेट, स्वच्छता किट, जनरेटर और आवश्यक दवाओं सहित 15 टन राहत सामग्री की हमारी पहली खेप यांगून पहुंच गई है।
आपको बता दें कि राहत पैकेज में टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, रेडी-टू-ईट फूड, वाटर प्यूरीफायर, हाइजीन किट, सोलर लैंप, जेनरेटर सेट और पैरासिटामोल, एंटीबायोटिक्स, सीरिंज, दस्ताने और बैंडेज जैसी जरूरी दवाएं शामिल हैं।
इस बीच, भारतीय दूतावास स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और उसने कहा कि अभी तक किसी भारतीय के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “भारतीय दूतावास बैंकॉक और थाईलैंड के अन्य हिस्सों में आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों के बाद थाई अधिकारियों के साथ स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। अभी तक किसी भी भारतीय नागरिक से जुड़ी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं आई है। किसी भी आपात स्थिति में थाईलैंड में भारतीय नागरिकों को आपातकालीन नंबर +66 618819218 पर संपर्क करने की सलाह दी जाती है। बैंकॉक में भारतीय दूतावास और चियांग माई में वाणिज्य दूतावास के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।” वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा, “मैं भूकंप के बाद म्यांमार और थाईलैंड की स्थिति को लेकर चिंतित हूं। भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।”
आपको बता दें कि भारत और बांग्लादेश के अधिकारियों ने म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप से कोई बड़ा प्रभाव नहीं होने की सूचना दी है। भूकंप के झटकों ने म्यांमार और पड़ोसी थाईलैंड में दहशत पैदा कर दी है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, शुक्रवार को रात 11:56 बजे (स्थानीय समयानुसार) म्यांमार में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया।
NCS के अनुसार, नवीनतम भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे यह भूकंप के झटकों के लिए अतिसंवेदनशील हो गया। NCS ने बताया कि भूकंप 22.15 उत्तरी अक्षांश और 95.41 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की रिपोर्ट और स्थानीय मीडिया के अनुसार, शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकंप को बैंकॉक और थाईलैंड के कई हिस्सों में महसूस किया गया, जिसमें सैकड़ों लोग बैंकॉक में हिलती इमारतों से बाहर निकल आए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, शुक्रवार को म्यांमार में छह भूकंप आए।
