जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए BDG यानी बिग डैडी गेम नेटवर्क के मास्टरमाइंड को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी किरण महादु साल्वे पुणे जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जांजगीर लाया और न्यायालय में पेश किया है। मामले में पहले ही छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दरअसल, साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जांजगीर के चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। जांच के दौरान BDG ऑनलाइन गेमिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ। पूछताछ में हेमलाल ने बताया कि उसे सट्टा खेलने की आईडी शैलेंद्र कुमार शर्मा उपलब्ध कराता था। इसके बाद पुलिस ने शैलेंद्र सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर नेटवर्क की कड़ियां खंगालीं।
जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र निवासी किरण साल्वे ने टेलीग्राम पर ईगल BDG गेम नाम से चैनल बनाया था और इसी के जरिए शैलेंद्र शर्मा को जांजगीर जिले का एडमिन बनाया गया था। व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ा जाता था। इसमें नीचे के सदस्यों द्वारा लगाए गए पैसों पर ऊपर बैठे एडमिन को कमीशन मिलता था। पुलिस ने चैटिंग और वित्तीय लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किरण साल्वे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते की राशि भी फ्रीज कराई गई है।
पुलिस के मुताबिक, इस हाईटेक सट्टा नेटवर्क में मोबाइल ऐप, व्हाट्सएप, टेलीग्राम और USDT क्रिप्टो करेंसी के जरिए लेनदेन किया जा रहा था। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम लोगों से ऑनलाइन सट्टा और ऐप के जरिए होने वाले अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की है।
