राजधानी रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने विभागीय टीम के साथ तेलीबांधा क्षेत्र की न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर विभागीय टीम ने करीब 150 किलो विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
