छत्तीसगढ़

मुंबई पुलिस की कस्टडी से फरार बांग्लादेशी, दुर्ग स्टेशन से गिरफ्तार

दुर्ग जिले में शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से एक बांग्लादेशी नागरिक को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह ट्रेन में सफर कर रहा था तथा उसके पास वैध दस्तावेज नहीं हैं। उसकी गतिविधियों को देखते हुए यह भी आशंका जताई जा रही है कि उसके अन्य साथियों का नेटवर्क भी भारत में सक्रिय हो सकता है।
दुर्ग जीआरपी ने बताया कि आरोपी के पास पासपोर्ट, वीजा या भारत में रहने का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। मुंबई पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के बाद दुर्ग में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

ज्ञात हो कि कल मुंबई पुलिस से दुर्ग जीआरपी को सूचना मिली कि एक बांग्लादेशी नागरिक, जो मुंबई में दर्ज मामले का आरोपी है, शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से कोलकाता जा रहा है। वहां से वह बांग्लादेश भागने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही दुर्ग जीआरपी पुलिस ने तुरंत सतर्कता बरती और ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर टीम तैनात कर दी। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची, जीआरपी की टीम ने एस-1 कोच में दबिश दी। यहां से पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अजमीर शेख, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई।

जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने ट्रेन का जनरल टिकट खरीदा था, बाद में टीटी से बात कर स्लीपर कोच (एस-1) में अपनी सीट बनवा ली थी। आरोपी अजमीर शेख के पास किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज पासपोर्ट, वीजा या पहचान पत्र नहीं मिला। उसके खिलाफ मुंबई में पहले से एफआईआर दर्ज है।

दूसरी तरफ दुर्ग जीआरपी के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने की सूचना मिलने पर मुंबई पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ पहुंच गई। मुंबई पुलिस फ्लाइट से रायपुर पहुंच चुकी है और अब सडक़ मार्ग से दुर्ग रेलवे स्टेशन आ रही है। यहां औपचारिक पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस अपने साथ ले जाएगी।

पुलिस पूछताछ के अनुसार अजमीर शेख मुंबई से भागकर कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहा था।

Source Link

Related posts

नए साल से पहले रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मानसून की वापसी के बीच छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में ऑरेंज और 7 में यलो अलर्ट

पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का मोबाइल हैक, शिकायत लेकर PHQ पहुंचे

Leave a Comment

error: Content is protected !!