अन्य जिले

CM हेल्पलाइन 1076 का बड़ा एक्शन! बर्तन दुकान से 13 अवैध एलपीजी सिलेंडर जब्त

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 पर मिली शिकायत के बाद जशपुर जिले में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लोदाम की एक बर्तन दुकान से 13 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित पाए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।

डेढ़ साल से अवैध भंडारण की शिकायत
खाद्य विभाग को सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत मिली थी कि लोदाम के मुख्य मार्ग स्थित एक बर्तन दुकान में बिना लाइसेंस के पिछले करीब डेढ़ वर्ष से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। शिकायत में सार्वजनिक स्थान पर गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण से दुर्घटना की आशंका भी जताई गई थी।

जांच में मिले 13 सिलेंडर
शिकायत के आधार पर 28 जुलाई 2026 को सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य निरीक्षक ने संयुक्त जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक मुकेश कुमार साहू और उनकी पत्नी रूपा साहू मौके पर मौजूद मिले।

निरीक्षण में दुकान और आवास से इंडेन के 9 भरे और 1 खाली, जबकि बीपीसीएल के 3 खाली सिलेंडर सहित कुल 13 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए।

केवल तीन गैस कनेक्शन के दस्तावेज मिले
जांच के दौरान संचालकों ने केवल तीन वैध घरेलू गैस कनेक्शन के दस्तावेज प्रस्तुत किए। इनमें एक उज्ज्वला योजना के तहत उनकी माता के नाम और दो सामान्य घरेलू गैस कनेक्शन मुकेश कुमार साहू व उनकी पत्नी के नाम पर पाए गए।

घरेलू उपयोग से अधिक मात्रा में रखे गए सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं मिलने पर खाद्य विभाग ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर सुरक्षा के मद्देनजर लोदाम स्थित अधिकृत गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

लोगों से की अपील
खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण, परिवहन या बिक्री होती दिखाई दे, तो इसकी जानकारी तत्काल सीएम हेल्पलाइन 1076 या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Source Link

Related posts

पूर्व पार्षद अमित दास का निधन

जांजगीर-चांपा में कांग्रेस नेता के घर घुसकर फायरिंग, एक बेटे की मौत, दूसरा गंभीर घायल

बीजापुर में अफवाह का कहर : बच्चा चोरी के शक में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई, एक गंभीर

Leave a Comment

error: Content is protected !!