अन्य

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी, सड़क, बिजली, स्‍कूल बंद

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर हुई बर्फबारी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और शिमला जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात के कारण सड़क यातायात, बिजली आपूर्ति और आवाजाही बाधित हुई है। हालात को देखते हुए लाहौल-स्पीति जिले में स्कूलों सहित सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है, जबकि अप्पर शिमला क्षेत्र में कई सड़कें अवरुद्ध होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिमला से जुड़े प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में भी बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके चलते शिमला-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-05) को सोमवार दोपहर बाद कुफरी के पास दोबारा बंद करना पड़ा। हाल ही में मौसम साफ होने पर इस मार्ग को बहाल किया गया था, लेकिन ताजा हिमपात ने प्रशासन की तैयारियों को फिर चुनौती दे दी है। सड़क बंद होने से सेब बहुल क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन मार्ग को खोलने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

लगातार भारी बर्फबारी के चलते लाहौल-स्पीति जिले में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बनी हुई है। जिले में कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे गांवों के बीच आवागमन लगभग ठप हो गया है और जनजीवन ठहर सा गया है।

इस दौरान तेज हवाओं ने भी मुश्किलें बढ़ा दीं। कुफरी और नारकंडा में हवा की रफ्तार 52 किमी प्रति घंटा, मशोबरा में 44 किमी, बजौरा में 43 किमी और सेओबाग में 33 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। ऊना और मंडी जिलों में ठंडे दिन जैसी स्थिति बनी रही। ऊना में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री और अधिकतम 6.1 डिग्री कम रहा, जबकि मंडी में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री और अधिकतम 5.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हालांकि प्रदेश में फिलहाल शीतलहर की स्थिति नहीं है।

28 जनवरी तक बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान

मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए लाहौल-स्पीति जिले में स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और आंगनबाड़ी केंद्रों को 28 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। लाहौल के गोंदला में करीब 22 सेंटीमीटर, कुकुमसेरी में 21.3 सेंटीमीटर, मनाली के करे कोठी में 20 सेंटीमीटर, कोकसर में 19 सेंटीमीटर, हंसा में 15 सेंटीमीटर और केलांग में 12.5 सेंटीमीटर ताजा बर्फ दर्ज की गई। वहीं कल्पा में 5.5 सेंटीमीटर, सांगला में 1.8 सेंटीमीटर और जोत में 1 सेंटीमीटर हिमपात हुआ।

Source link

Related posts

12 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत

ट्रंप की नई सख्ती : अमेरिका ने H1B वीजा के लिए साक्षात्कार अगले साल अक्तूबर तक टाले

भिलाई स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा : ट्रक की चपेट में आए मजदूर की मौत

Leave a Comment

error: Content is protected !!