उतई थाना अंतर्गत ग्राम जोरातराई शराब दुकान के पास शुक्रवार की सुबह एक महिला की लाश मिली। मृतका के हाथ पैर, चेहरे और छाती पर किसी धारदार हथियार से वार के निशान थे। मृतका की पहचान पूजा निर्मलकर (32 वर्ष) के रूप में हुई है। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने महिला के प्रेमी समेत 6 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
उतई थाना प्रभारी मोनिका पांडेय के मुताबिक पूजा की शादी 12 साल पहले विमलेश यादव से हुई थी। पति से अनबन की वजह से पांच साल पहले वो अपने पति को छोड़कर उमदा निवासी अविनाश झा नामक व्यक्ति के पास चली गई थी। तब से दोनों पति-पत्नी की तरह रहे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा करके उसे पीएम के लिए भेज दिया है।
वहीं मृतका के शरीर पर हथियार के वार देखकर पुलिस हत्या के पीछे किसी परिचित के शामिल होने का आशंका जता रही है। इसके चलते पुलिस मृतका के पति विमलेश यादव और प्रेमी अविनाश झा से लगातार पूछताछ कर रही है। इसके अलावा चार अन्य को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस जांच जारी है।
पति को छोड़ने के बाद प्रेमी से भी महिला का होता रहता था विवाद
आरोपी ने महिला के पैर, सीने व चेहरे पर नुकीली वस्तु से करीब 10 से 15 वार किए। कई बार वार करने से महिला का चेहरा बुरी तरह बिगड़ गया था। इससे उसकी पहचान भी बड़ी मुश्किल से हुई। जांच अधिकारियों के मुताबिक मृतका पूजा ने विमलेश से प्रेम विवाह किया था। लेकिन दोनों के अक्सर होने वाले विवाद की वजह से पति को छोड़ दिया। फिर अविनाश के साथ रहने के दौरान महिला का उससे भी विवाद होने लगा था।
महिला को प्रेमी के अलावा दूसरे व्यक्ति के साथ घूमते देखा गया
पुलिस ने बताया कि करीब डेढ़ साल से ज्यादा समय से पूजा निर्मलकर अविनाश के अलावा कई अन्य लोगों के साथ भी रह रही थी। इसे लेकर उसके व अविनाश के बीच विवाद भी होता था। यह भी बताया जा रहा है कि महिला को नशे की लत थी। इसके चलते कई दफा शराब का सेवन करने के लिए अन्य व्यक्तियों के साथ उसे घूमते देखा गया। ऐसे में चरित्र शंका की वजह हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही।
धारदार वस्तु से वार कर महिला की हत्या की गई, हमारी जांच जारी है
धारदार वस्तु से हमला करके महिला की हत्या की गई है। प्रकरण में उसके करीबी के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। महिला के साथ रहने वाले अविनाश समेत अन्य लोगों के पूछताछ जारी है। जल्द मामले का खुलासा करेंगे। -अनंत साहू, एएसपी ग्रामीण