
शहडोल: : जिले के विचारपुर गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सांप के डसने के बाद भी एक युवक ने न केवल अपनी सूझबूझ दिखाई बल्कि वही सांप पकड़कर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच गया। युवक को हाथ में सांप लिए देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया।
घटना शहडोल मुख्यालय से लगे विचारपुर गांव की है जहां राकेश सिंह नामक युवक को एक सांप ने डस लिया। लेकिन घबराने की बजाय राकेश ने तत्परता दिखाते हुए उसी सांप को पकड़ लिया और उसे लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में हाथ में सांप लिए युवक को देखकर मरीजों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई। भय और आशंका का माहौल बन गया।
डॉक्टरों ने कई बार समझाइश देने की कोशिश की लेकिन राकेश सांप को छोड़ने को तैयार नहीं हुआ। आखिरकार अस्पताल प्रबंधन ने सर्प मित्र अनिल सोनी को बुलाया।
अनिल ने सावधानीपूर्वक सांप को कब्जे में लेकर उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। राकेश को तत्काल इलाज के लिए भर्ती किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि अब उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। जल्दी ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।