প্রিন্ট এর তারিখঃ এপ্রিল ১৯, ২০২৬, ৮:০৪ এ.এম || প্রকাশের তারিখঃ নভেম্বর ৯, ২০২৫, ৮:৫৭ এ.এম
रायपुर में ‘फायरमैन’ का आतंक: अज्ञात युवक ने रातों-रात घर और गाड़ियों को बनाया आग का निशाना

एक ही रात में कई जगहों पर लगाई आग
रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। देर रात एक अज्ञात युवक ने पेट्रोल की बोतल और माचिस के सहारे इलाके की गलियों में घूमते हुए कई वाहनों और एक घर में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना मिश्रा होटल गली के आसपास की है, जहाँ रात करीब 2:30 बजे उस अज्ञात शख्स ने उत्पात मचाना शुरू किया।
उसने लगातार गलियों में घूमते हुए दो एक्टिवा, एक बाइक, एक ई-रिक्शा सहित एक गोदामनुमा मकान में आग लगा दी। अचानक भड़की आग की भयावह लपटों ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया, जिसके कारण लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस छोटे गोदाम में युवक ने आग लगाई, उसमें दूध और अन्य डेयरी उत्पाद रखे हुए थे, जो देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गए। लोगों ने मिलकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इसके बावजूद काफी नुकसान हुआ है और क्षेत्र के लोग अब भी भय के माहौल में हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Copyright © 2026 Aham Awaz News. All rights reserved.