नवापारा राजिम। नवापारा नगर के दम्मानी कॉलोनी में शुक्रवार की दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब 8 साल की मासूम अरहमा खान की करंट लगने से मौत हो गई।
परिवार के लोग अभी तक यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि उनकी नन्ही परी अब इस दुनिया में नहीं रही।
बिजली विभाग की लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी निगल ली और पीछे छोड़ गई सिर्फ सवाल — “आखिर जिम्मेदार कौन?”
मिली जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय मासूम अरहमा खान पिता अब्दुल खान अपने घर की छत पर थी, तभी हल्की बारिश के दौरान छत के ऊपर से गुजरे 11 हजार केवी हाईटेंशन तार के करंट ने बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह छत से नीचे गिर पड़ी।
बच्ची के नीचे गिरने की आवाज सुनकर उसकी मां दौड़ी और शोर मचाया। परिजन तत्काल घायल अरहमा को लेकर शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
घर में मातम का माहौल — पिता ने पूछा, मेरी बच्ची का कसूर क्या था?
पूरी कॉलोनी में सन्नाटा और आक्रोश दोनों दिखाई दिए। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल — “कब तक खुले तार मासूमों की जान लेंगे?शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद इलाके में गुस्सा फूट पड़ा।
स्थानीय रहवासियों ने बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने नारेबाजी करते हुए विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान पिता ने बताया —हमने कई बार तार हटाने की शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई